शुक्रवार, 16 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: महिला सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगा नोएडा, 18 जनवरी को होगा भव्य ‘वॉक ए कॉज – द चेंज मेकर्स’ वॉकाथॉन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महिला सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगा नोएडा, 18 जनवरी को होगा भव्य ‘वॉक ए कॉज – द चेंज मेकर्स’ वॉकाथॉन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा। महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से “वॉक ए कॉज – द चेंज मेकर्स” वॉकाथॉन का आयोजन रविवार, 18 जनवरी को नोएडा में किया जाएगा। इस सामाजिक अभियान को लेकर शुक्रवार को नोएडा मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें आयोजकों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और सामाजिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए वीसर्व इन्फोसिस्टम के सह-संस्थापक रमन शुक्ला ने बताया कि वॉकाथॉन का शुभारंभ प्रातः 7:00 बजे सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम से होगा। लगभग चार किलोमीटर लंबी इस वॉकाथॉन में करीब 3000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महिला अपराधों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक और सशक्त संदेश देना है। वॉकाथॉन में भागीदारी पूर्णतः निःशुल्क रहेगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों एवं आम नागरिकों के लिए निःशुल्क चिकित्सा जांच सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।

वीसर्व इन्फोसिस्टम के सह-संस्थापक साजिद अहमद ने बताया कि “वॉक ए कॉज” कोई नया अभियान नहीं है। यह बीते नौ वर्षों से देश के विभिन्न शहरों और राज्यों—जैसे चेन्नई, कश्मीर, दिल्ली और रायपुर—में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। अब इसी कड़ी में नोएडा में इसका आयोजन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर महिला सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नोएडा संस्करण का आयोजन नोएडा पुलिस के सक्रिय सहयोग से किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक दिशा-निर्देशों और सभी आवश्यक अनुमतियों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर समाज, प्रशासन, शिक्षा, मीडिया एवं विभिन्न नागरिक संगठनों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। प्रमुख रूप से जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मेधा रूपम, संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्रा, पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) मनीषा सिंह, डीआईजी यमुना प्रसाद, विधायक नोएडा पंकज सिंह, सांसद गौतम बुद्ध नगर डॉ. महेश शर्मा, पूर्व जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, एफएम सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड वर्षा छाबड़िया, नोएडा सिटीजन फोरम की समस्त टीम तथा मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स की निदेशक अलका अग्रवाल सहित अन्य विशिष्टजन शामिल हो सकते हैं। प्रेसवार्ता के दौरान आयोजन समिति की ओर से महेश विजय, सुधीर गौर और आसिफ उपस्थित रहे।

आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे महिला सुरक्षा और सामाजिक बदलाव के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और “वॉक ए कॉज – द चेंज मेकर्स” के माध्यम से एक सुरक्षित और संवेदनशील समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।।