शनिवार, 31 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: कैश-ऑन-डिलीवरी फ्रॉड का पर्दाफाश: सेक्टर-142 पुलिस ने एप्पल प्रोडक्ट चोरी करने वाला शातिर अभियुक्त दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कैश-ऑन-डिलीवरी फ्रॉड का पर्दाफाश: सेक्टर-142 पुलिस ने एप्पल प्रोडक्ट चोरी करने वाला शातिर अभियुक्त दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-142 पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक शातिर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कैश-ऑन-डिलीवरी के नाम पर डिलीवरी एजेंटों को चकमा देकर महंगे एप्पल उत्पाद चोरी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से एप्पल कंपनी की 03 स्मार्ट वॉच एवं 01 एयरपॉड्स बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार दिनांक 30 जनवरी 2026 को थाना सेक्टर-142 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त हेमन्त मलिक पुत्र नरेन्द्र मलिक को पिलर संख्या-331 के पास, सेक्टर-137 नोएडा से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की उम्र 21 वर्ष है तथा वह ग्राम बरहाना, जनपद झज्जर (हरियाणा) का निवासी है।

ऑनलाइन ऑर्डर की आड़ में करता था चोरी

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग फर्जी नाम व पते का प्रयोग कर ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर कैश-ऑन-डिलीवरी के माध्यम से महंगे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद ऑर्डर करता था। इसके बाद वह जानबूझकर ऑर्डर को कैंसिल कर देता था और डिलीवरी के लिए आने वाले व्यक्ति के बैग से ऑर्डर किया गया सामान चोरी कर लेता था। इस तरीके से वह कंपनियों और डिलीवरी एजेंटों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था।

पहले से आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।

  • मु0अ0सं0 18/2026, धारा 317(2)/317(5) बीएनएस, थाना सेक्टर-142, गौतमबुद्धनगर
  • मु0अ0सं0 22/2026, धारा 303(2) बीएनएस, थाना एक्सप्रेस-वे, गौतमबुद्धनगर

बरामदगी

अभियुक्त के कब्जे से—

  • एप्पल कंपनी की 03 स्मार्ट वॉच
  • एप्पल कंपनी का 01 एयरपॉड्स
    बरामद किए गए हैं, जिनकी बाजार कीमत काफी अधिक बताई जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम जनता एवं डिलीवरी सेवाओं से जुड़े कर्मियों से अपील की है कि वे ऑनलाइन डिलीवरी के दौरान सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन ठगी करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और भविष्य में ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद है।