शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: जेवर के बांजरपुर में किसान पाठशाला, आधुनिक तकनीकों से खेती के लिए किसानों को किया गया जागरूक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जेवर के बांजरपुर में किसान पाठशाला, आधुनिक तकनीकों से खेती के लिए किसानों को किया गया जागरूक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर | 26 दिसंबर, 2025

किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और उत्पादन क्षमता में सुधार के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जनपद गौतमबुद्धनगर के विकास खंड जेवर स्थित ग्राम बांजरपुर में किसान पाठशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद की 54 ग्राम पंचायतों में संचालित किए जा रहे नियमित किसान पाठशाला अभियान का हिस्सा है।

उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान पाठशालाओं के माध्यम से कृषकों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है, जिससे वे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में संयुक्त कृषि निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण) उत्तर प्रदेश कृषि भवन लखनऊ डॉ. वाई.पी. सिंह ने नोडल अधिकारी के रूप में सहभागिता की। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रयोग, फसल की आवश्यकता अनुसार सिंचाई तथा खेत की मिट्टी और मौसम के अनुरूप उन्नत प्रजातियों के चयन की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फसल चक्र में परिवर्तन कर तिलहन, दलहन, फल एवं सब्जियों को शामिल करने से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

इस अवसर पर प्राकृतिक खेती की उपयोगिता और उसके दीर्घकालिक लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उप कृषि निदेशक ने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने का आह्वान किया।

किसान पाठशाला में जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे, कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सुनील प्रजापति, विषय वस्तु विशेषज्ञ अंबा प्रकाश शर्मा, अपर जिला कृषि अधिकारी दिव्यम यादव, इफको प्रतिनिधि रमन तोमर तथा पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा शर्मा ने किसानों को कृषि एवं पशुपालन से संबंधित आधुनिक तकनीकी जानकारियां प्रदान कीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता कर जानकारी प्राप्त की और कृषि विभाग की इस पहल की सराहना की।।