शुक्रवार, 12 दिसंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी, डीएम मेधा रूपम ने बूथों पर किया औचक निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी, डीएम मेधा रूपम ने बूथों पर किया औचक निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर, 12 दिसंबर 2025

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम को गति देने के उद्देश्य से आज जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इस अभियान के तहत मृतक, अनुपलब्ध/अनट्रेसेबल, स्थायी रूप से स्थानांतरित, डुप्लीकेट और अन्य श्रेणी के मतदाताओं की पहचान कर सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज़ की जा रही है। सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा बीएलए को विस्तृत सूचियाँ उपलब्ध कराई गईं, ताकि सत्यापन का कार्य शीघ्रता से पूरा हो सके।

इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सूरजपुर स्थित शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज के मतदान बूथ का निरीक्षण कर पुनरीक्षण गतिविधियों की वास्तविक प्रगति परख़ी। उन्होंने बीएलओ, बीएलए तथा उपस्थित नागरिकों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रति बूथ सटीक सत्यापन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी श्रेणियों—मृतक, अनुपलब्ध, स्थानांतरित, डुप्लीकेट—से संबंधित प्रविष्टियों की खोज और पुष्टि समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अब तक किए गए कार्यों की सराहना करते हुए बीएलओ व बीएलए टीमों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सतत प्रयासों के चलते पुनरीक्षण अभियान में अपेक्षित तेजी आई है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्य भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप शत-प्रतिशत परिणामों के साथ पूर्ण हो।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय सहयोग दें। यदि किसी का नाम सूची में छूटा है, संशोधन की आवश्यकता है या किसी अन्य प्रकार की त्रुटि है, तो संबंधित बीएलओ से तुरंत संपर्क करें।।