गौतमबुद्धनगर: घने शोक के बीच अशोक भाटी की माताजी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, त्रयोदशी संस्कार में उमड़ा जनसैलाब!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा गौतमबुद्धनगर के प्रभावशाली नेता अशोक भाटी की माताजी श्रीमती संतरा देवी, धर्मपत्नी स्वर्गीय चौधरी हरशरण सिंह भाटी, निवासी श्रीकृष्ण भवन सलारपुर नोएडा के त्रयोदशी संस्कार, हवन, शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन 29 दिसंबर 2025 को वैदिक परंपराओं के अनुरूप अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक, किसान संगठनों से जुड़े दिग्गज नेताओं के साथ-साथ क्षेत्र के हजारों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में हवन, गायत्री जाप, मार्जन, तर्पण, गोदान, गोग्रास एवं त्रयोदश ब्राह्मण भोज जैसे समस्त वैदिक कर्मकांड विधिवत संपन्न कराए गए। वैदिक अनुष्ठान का संचालन पंडित राम प्रकाश शर्मा सहित अन्य दर्जनों विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ किया गया। पूरे वातावरण में वैदिक मंत्रों की गूंज और श्रद्धा का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
श्रद्धांजलि सभा में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, गौतमबुद्धनगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी, गुर्जर भवन की अध्यक्ष मृगांका सिंह, खादी ग्रामोद्योग के पूर्व चेयरमैन डॉ. यशवीर सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पत्रकार देव गुर्जर, वरिष्ठ किसान नेता परविंदर अवाना, दिनेश गुर्जर, अजय चौधरी, मुकेश यादव, राकेश यादव, प्रताप चौहान, राजीव त्यागी, सुखबीर खलीफा, धर्मगिरि महाराज, दीपू चौधरी, रूपचंद मुनीम जी, धर्मेंद्र चंदेल, शोभाराम चंदेल, धीरज राठी, प्रवीण भाटी, पुरुषोत्तम नागर, विजेंद्र भड़ाना सहित बड़ी संख्या में किसान नेता, प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय सम्मानित लोग मौजूद रहे।
वहीं भाकियू महिला प्रदेश अध्यक्ष बबली त्यागी, कविता जावला, मीरा सिंह, ममता चौधरी, मुनेश डेढ़ा सहित अनेक महिला प्रतिनिधियों ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने श्रीमती संतरा देवी को एक धार्मिक, सरल, संस्कारवान और परिवार को जोड़कर रखने वाली मातृशक्ति के रूप में याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके द्वारा दिए गए संस्कार ही अशोक भाटी के सामाजिक और किसान हितों के लिए किए जा रहे निरंतर संघर्ष की प्रेरणा हैं।
श्रद्धांजलि सभा में अशोक भाटी के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान की भी खुलकर सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि अशोक भाटी एक ऐसे जननेता हैं, जो हमेशा किसानों, मजदूरों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बनकर खड़े रहे हैं। वे संगठन के साथ-साथ समाज को भी साथ लेकर चलने वाले नेता हैं, जिनकी पहचान सरलता, संघर्ष और समर्पण से है। उनके नेतृत्व में किसान यूनियन और समाज को नई मजबूती मिली है।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे सभी अतिथियों, नेताओं, सामाजिक संगठनों, किसान भाइयों एवं क्षेत्रीय नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक शब्दों में अपनी माताजी श्रीमती संतरा देवी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि “माताजी के संस्कार, त्याग और आशीर्वाद ही मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं, उन्हीं के मार्गदर्शन से मैं समाज और किसानों की सेवा करता रहूंगा।”
