मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े सनसनी: लुक्सर में युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े सनसनी: लुक्सर में युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। शहर के थाना इकोटेक-1 थाना क्षेत्र के लुक्सर गांव में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। तीन हमलावरों ने सरेआम एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

घर के बाहर खड़े युवक को बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान नितिन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नितिन अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि सचिन और उसके दो साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते नितिन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगते ही नितिन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल नितिन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV में साफ दिखे हमलावर

घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में हमलावरों के चेहरे स्पष्ट नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि बदमाश बिना किसी भय के युवक पर गोलियां चलाते हैं और फिर आराम से मौके से भाग निकलते हैं। यह फुटेज अब पुलिस जांच का अहम आधार बन गया है।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह?

प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

इलाके में तनाव, बढ़ाई गई सुरक्षा

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं।

शहर के बीचोंबीच इस तरह की दुस्साहसिक हत्या ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।