होली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा: गौतमबुद्ध नगर में ताबड़तोड़ छापेमारी, 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे!!
दो टूक// गौतमबुद्ध नगर, 24 फरवरी 2026।
आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। त्योहार के दौरान बाजार में बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी पर रोक लगाने और आमजन को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की अलग-अलग टीमों द्वारा देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-12 नोएडा सब्जी मंडी स्थित ‘प्रतिष्ठा द डेयरी’ से खोया का एक नमूना संग्रहित किया। होली के मद्देनजर मावा और उससे बने उत्पादों की मांग को देखते हुए इस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविन्द्र नाथ वर्मा एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-143 नोएडा स्थित बी टी डब्लू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से चमचम और पनीर के एक-एक नमूने लिए। इसी टीम ने देर रात्रि 16 किलोमीटर यमुना एक्सप्रेसवे के पास सबलपुर, अलीगढ़ स्थित सुशील की डेयरी की पनीर सप्लाई कर रही गाड़ी (UP 81GT 5028) को रोककर जांच की। यह पनीर दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था, जिससे एक नमूना संग्रहित कर परीक्षण हेतु भेजा गया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. पांडेय और ओ.पी. सिंह की टीम ने सेक्टर-37 नोएडा स्थित ‘सोहो किचन एंड कंपनी’ से पिज्जा सॉस का नमूना लिया। वहीं सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय, गोरखपुर के नेतृत्व में गठित अंतर्जनपदीय टीम ने कासना, ग्रेटर नोएडा स्थित के-51 साइट-5 यूपीएसआईडीसी में संचालित खाद्य तेल निर्माण इकाई ‘अल्टीमेट सॉल्यूशन’ से सरसों तेल और नारियल तेल के एक-एक नमूने संग्रहित किए।
इस प्रकार कुल सात नमूने लेकर उन्हें विधिक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला प्रेषित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी भी नमूने में मानक के विपरीत या मिलावटी तत्व पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने स्पष्ट किया कि होली पर्व तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि जनपदवासियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या मानकहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
त्योहार के मद्देनजर प्रशासन की इस सक्रियता से जहां उपभोक्ताओं में भरोसा बढ़ा है, वहीं मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
