गौतमबुद्धनगर: कोहरे में लापरवाही नहीं, सतर्कता जरूरी: जिला प्रशासन ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: गौतमबुद्धनगर, 16 दिसंबर 2025।
शीत ऋतु में बढ़ते कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशों पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने कोहरे में सुरक्षित यात्रा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
एआरटीओ ने कहा कि यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो कोहरे में यात्रा से बचना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है। आवश्यक यात्रा की स्थिति में वाहन को धीमी गति से चलाएं और पूरी सतर्कता बरतें। वाहन चलाते समय एसी के बजाय हल्का हीटर उपयोग करें और उसकी हवा विंडस्क्रीन की ओर रखें, ताकि शीशे पर धुंध न जमे। डिफॉगर की सुविधा होने पर उसे हल्के गर्म तापमान पर चालू रखने की सलाह दी गई है।
उन्होंने बताया कि वाहन की खिड़की थोड़ा खुला रखने से वेंटिलेशन बना रहता है और बाहर की आवाजें भी सुनाई देती हैं। वाहन के शीशे हाथ से साफ करने के बजाय सूखे सूती या माइक्रोफाइबर कपड़े का प्रयोग करें। कोहरे के समय हेडलाइट हमेशा लो-बीम पर रखें और दिन में भी घना कोहरा होने पर हेडलाइट जलाकर वाहन चलाएं।
प्रशासन ने कोहरे में हैजार्ड लाइट के प्रयोग, स्टीरियो/एफएम बंद रखने और गूगल मैप जैसे नेविगेशन ऐप की सहायता लेने की सलाह दी है। आगे-पीछे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अचानक ब्रेक लगाने से बचें। ओवरटेक न करने, सड़क किनारे या खराब खड़े वाहनों से विशेष सावधानी बरतने पर भी जोर दिया गया है।
एआरटीओ ने कहा कि कोहरे में दृष्टि भ्रम की स्थिति बनती है, इसलिए दो लेन की सड़कों पर बाईं ओर चलना अधिक सुरक्षित है। फोर लेन या डिवाइडर वाली सड़कों पर डिवाइडर के सहारे वाहन चलाने की सलाह दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से निजी वाहनों के पीछे लाल रेट्रोरिफ्लेक्टिव टेप लगाने की अपील करते हुए बताया गया कि व्यावसायिक वाहनों में यह कानूनन अनिवार्य है।
जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।।
