मंगलवार, 16 दिसंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: मानव सेवा की मिसाल बने डॉ. महिपाल सिंह, ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ से होंगे सम्मानित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मानव सेवा की मिसाल बने डॉ. महिपाल सिंह, ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ से होंगे सम्मानित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा।
लोकोमोटर दिव्यांगता के पुनर्वास और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नोएडा सेक्टर-73 निवासी वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट एवं समाजसेवी डॉ. महिपाल सिंह को ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान गणतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित भव्य राष्ट्रीय गौरव सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।

डॉ. महिपाल सिंह पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से लोकोमोटर दिव्यांगता से पीड़ित बच्चों एवं वयस्कों के पुनर्वास के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने चिकित्सा उपचार को केवल क्लीनिक तक सीमित न रखते हुए दिव्यांग व्यक्तियों के समग्र पुनर्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समावेशन को अपना लक्ष्य बनाया है।

उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें विभिन्न राज्य स्तरीय फिजियोथेरेपी संस्थाओं द्वारा बेस्ट क्लिनिशियन, बेस्ट क्लिनिकल एक्सीलेंस और फिजियो लीजेंड जैसी प्रतिष्ठित उपाधियों से सम्मानित किया जा चुका है। डॉ. सिंह के मार्गदर्शन में सैकड़ों ऐसे बच्चे और वयस्क पुनर्वास के बाद आत्मविश्वास के साथ स्वतंत्र जीवन जी रहे हैं, जो कभी दैनिक आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भर थे।

चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ डॉ. महिपाल सिंह दिव्यांगता के प्रति समाज की सोच बदलने के उद्देश्य से निःशुल्क चिकित्सा शिविरों, जागरूकता अभियानों और परामर्श कार्यक्रमों का भी नियमित आयोजन करते रहे हैं। उनका मानना है कि सही उपचार, सकारात्मक सोच और सामाजिक सहयोग से प्रत्येक दिव्यांग व्यक्ति सम्मानपूर्ण एवं आत्मनिर्भर जीवन जी सकता है।

उनकी वर्षों की साधना, सेवा समर्पण और मानव कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए चयन समिति द्वारा उन्हें ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ के लिए चयनित किया गया है, जो निस्संदेह नोएडा और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।