गौतमबुद्धनगर: दिव्यांगजन सशक्तिकरण राष्ट्रीय पुरस्कार–2025 समारोह में फ़र्स्टवन को मिला गौरवपूर्ण आमंत्रण।।
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: गौतमबुद्धनगर। फ़र्स्टवन रिहैब फ़ाउंडेशन के लिए यह अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि संस्था के 12 बच्चों एवं सदस्यों को भारत सरकार द्वारा आयोजित विश्व दिव्यांग दिवस (World Disability Day) के राष्ट्रीय समारोह में सहभागी होने हेतु विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार–2025 (National Awards for Empowerment of Persons with Disabilities–2025) के वितरण के उद्देश्य से भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।
इस राष्ट्रीय समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु महोदया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी और देशभर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान करने वाले प्रतिभाओं एवं संस्थाओं को सम्मानित करेंगी।
संस्था के चयनित बच्चों में सौम्या सोनी, शिव अग्रवाल, सुरभि जैन, छायांक गुप्ता और ग्रंथ गुप्ता अत्यंत उत्साह और उल्लास से भरे हुए हैं। वहीं वरिष्ठ सदस्यों रजत शर्मा और रितेश सिन्हा ने इस राष्ट्रीय अवसर पर आमंत्रित होने को जीवन का अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
फ़र्स्टवन रिहैब फ़ाउंडेशन के प्रति यह आमंत्रण केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि प्रेरणा और प्रोत्साहन का प्रतीक है, जिसने संस्था के कार्य, समर्पण और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
संस्था ने कहा कि आगे भी वह दिव्यांगजनों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा, प्रशिक्षण और समाज में समान भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयासरत रहेगी।।
