रविवार, 21 दिसंबर 2025

नोएडा फेस-1 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब तस्करी में शातिर आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:
नोएडा फेस-1 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब तस्करी में शातिर आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा। थाना फेस-1 नोएडा पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 21 दिसंबर 2025 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने बी-13 सेक्टर-7 नोएडा क्षेत्र से अभियुक्त नवीन सिंह पुत्र राम प्रकाश सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से 107 टैट्रा पैक अवैध देशी शराब (सुवासित), उत्तर प्रदेश मार्का बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त मूल रूप से ग्राम कौडिया तोला, थाना कोलिवर, जिला आरा (बिहार) का निवासी है तथा वर्तमान में न्यू अशोक नगर, थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली में रह रहा था। अभियुक्त की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में चोरी व नकबजनी सहित आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अवैध शराब की सप्लाई पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अवैध शराब की आपूर्ति के नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

नोएडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, नशे और अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।