गौतमबुद्धनगर: नोएडा विधिक सेवा दिवस पर निठारी में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा। विधिक सेवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर द्वारा ग्राम निठारी स्थित एमएससी लाइब्रेरी में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के तहत आयोजित इस शिविर में पराविधिक स्वयंसेवकों ने लोगों, खासकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित विधिक सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में महिलाओं को घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा कानून, निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, बाल संरक्षण कानून सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने मौजूद लोगों को सामाजिक समस्याओं के प्रति सतर्क रहने और जमीनी स्तर पर इनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक विमलेश शर्मा, दिनेश शर्मा, मुकेश कुमार, हरिओम कुमार सहित प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह आयोजन जरूरतमंदों तक कानूनी जानकारी पहुँचाने और उन्हें न्याय तक पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।।
