रविवार, 16 नवंबर 2025

मुजफ्फरनगर: सोरम-बुढ़ाना सर्वखाप महापंचायत में अशोक भाटी का उद्बोधन बना केंद्र बिंदु, सामाजिक सुधारों पर रखी दूरदृष्टि!!

शेयर करें:

मुजफ्फरनगर: सोरम-बुढ़ाना सर्वखाप महापंचायत में अशोक भाटी का उद्बोधन बना केंद्र बिंदु, सामाजिक सुधारों पर रखी दूरदृष्टि!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

23 नवंबर के ऐतिहासिक सम्मेलन के लिए दिया खुले आमंत्रण!!

दो टूक:: नोएडा/मुजफ्फरनगर के सोरम-बुढ़ाना में आयोजित सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत में आज समाज सुधार की नई राहें प्रशस्त हुईं, जब अखिल भारतीय गुर्जर महासभा (गौतम बुद्ध नगर) के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने प्रभावशाली संबोधन से पूरे पंडाल का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
उनके आगमन पर सर्वखाप महामंत्री चौधरी सुभाष बालियान ने पगड़ी पहनाकर एवं प्रतिमा भेंट कर ऐतिहासिक परंपरा के अनुरूप उनका सम्मान किया।

सामाजिक कुरीतियों पर कड़ा प्रहार—“बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी होगी”

अपने संबोधन में अशोक भाटी ने समाज के सामने मौजूद कुरीतियों पर खुलकर बात की।
उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या, मृत्यु भोज, फिजूलखर्ची, और विशेष रूप से दहेज प्रथा जैसी बुराइयों को समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा बताते हुए कहा—

“दहेज वह दानव है, जिसने न जाने कितनी जिंदगियां निगल लीं। हम जब तक दिखावे और कर्ज़ की मानसिकता से बाहर नहीं आएंगे, तब तक सच्चा विकास संभव नहीं।”

अशोक भाटी ने जोर देकर कहा कि समाज में वास्तविक सुधार तभी आएंगे, जब बदलाव की शुरुआत हम अपने घर और खुद से करेंगे।
उन्होंने युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से एकजुट होकर जागरूक समाज बनाने का आह्वान किया।

शिक्षा और रोजगार को बताया भविष्य की कुंजी

भाटी ने अपने वक्तव्य में शिक्षा और रोजगार को समाज की रीढ़ बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी को मजबूत बनाने के लिए इन दोनों क्षेत्रों में व्यापक सुधार आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि—

“शिक्षित और आत्मनिर्भर युवा ही समाज को मजबूत बना सकते हैं। हमें अपनी बेटियों को भी उतना ही अवसर देना है, जितना बेटों को मिलता है।”

23 नवंबर के गुर्जर–जाट भाईचारा सम्मेलन हेतु दिया विशेष आमंत्रण

महापंचायत के भव्य आयोजन की प्रशंसा करते हुए अशोक भाटी ने आयोजकों तथा उपस्थित सभी गणमान्य लोगों का आभार जताया।
साथ ही उन्होंने आगामी 23 नवंबर 2025 को आयोजित होने वाली सर छोटू राम जयंती एवं गुर्जर–जाट भाईचारा सम्मेलन के लिए समस्त समाज को खुले दिल से आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा—

“23 नवंबर का सम्मेलन केवल आयोजन नहीं, बल्कि भाईचारे, एकता और सामाजिक उत्थान का संदेश देने वाला ऐतिहासिक मंच होगा।”

अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने दिया पूर्ण समर्थन

अंत में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने स्पष्ट किया कि तीन दिन तक चलने वाली इस सर्वजातीय महापंचायत में सर्वखाप एवं 36 बिरादरियों द्वारा लिए जाने वाले सभी निर्णयों का अखिल भारतीय गुर्जर महासभा पूर्ण समर्थन करेगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देते हैं और इन्हें निरंतर जारी रहना चाहिए।

नोएडा से भारी प्रतिनिधिमंडल रहा मौजूद

इस अवसर पर नोएडा से एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना (राधे गुर्जर),
मनोज मावी, दिनेश नागर, अजय गुर्जर, पार्थ गुर्जर,
पवन चोरौली, कर्मवीर मावी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे,
जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।।