सोमवार, 24 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: श्रीराम के राज्याभिषेक का भव्य पुनर्स्मरण, भक्तिमय हुआ पूरा यज्ञ परिसर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: श्रीराम के राज्याभिषेक का भव्य पुनर्स्मरण, भक्तिमय हुआ पूरा यज्ञ परिसर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा, सेक्टर-110, रामलीला मैदान |
भारत उत्कर्ष महायज्ञ के पवित्र मंच पर सोमवार का दिन भक्ति, अध्यात्म और भारतीय सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम बन गया। भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या आगमन और उनके भव्य राज्याभिषेक के दिव्य प्रसंग को जब यज्ञ परिसर में जीवंत किया गया, तो पूरा वातावरण जयघोषों, वैदिक मंत्रों और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देश–विदेश से आए भक्तों ने 108-कुण्डीय महायज्ञ में आहुति अर्पित कर विश्वशांति, राष्ट्रकल्याण और रामराज्य के आदर्शों के संरक्षण की कामना की। विभिन्न सांस्कृतिक संगठनों और प्रवासी भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी यज्ञ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

राघवाचार्य जी द्वारा प्रस्तुत प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने का प्रसंग जैसे ही संयोजन पर पहुंचा, पूरा पंडाल “जय श्रीराम”, “सीता माता की जय” के उद्घोषों से गूंज उठा। इसके बाद श्रीराम के राज्याभिषेक का वर्णन होते ही श्रद्धालु भाव-विह्वल हो गए। भक्तों ने दीप प्रज्वलित कर, पुष्पांजलि अर्पित कर और विशेष आरती में शामिल होकर इस पावन अवसर को उत्साहपूर्वक मनाया।

संस्थान के अध्यक्ष श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि आज का आयोजन रामराज्य के मूल सिद्धांतों—धर्म, न्याय, करुणा और समरसता—को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बढ़ती भीड़ इस बात का प्रमाण है कि भारतीय संस्कृति आज भी लोगों के जीवन और आस्था का प्रमुख केंद्र है।

पूरे दिन महायज्ञ स्थल पर भक्ति संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सत्संग और वैदिक अनुष्ठान चलते रहे। हर ओर अध्यात्मिक उल्लास, सकारात्मक ऊर्जा और दिव्यता का अद्भुत वातावरण व्याप्त रहा, जिसने भक्तों को अविस्मरणीय अनुभव दिया।।