गुरुवार, 6 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: निर्माणाधीन परियोजनाओं पर श्रम विभाग की सख्ती, नाबालिग श्रमिक मिलने पर सेवायोजकों को नोटिस!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: निर्माणाधीन परियोजनाओं पर श्रम विभाग की सख्ती, नाबालिग श्रमिक मिलने पर सेवायोजकों को नोटिस!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर, 06 नवम्बर 2025

जिले में निर्माणाधीन प्रतिष्ठानों पर श्रम कानूनों के अनुपालन की स्थिति जांचने के लिए श्रम विभाग ने आज विशेष अभियान चलाया। उप श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी के निर्देश पर सहायक श्रमायुक्त सुयश पाण्डेय और डॉ. एस. पी. सिंह के नेतृत्व में श्रम प्रवर्तन अधिकारियों की टीम ने मैसर्स डी.एल.एफ. आई.टी. पार्क (सेक्टर-143ए) और मैसर्स मैक्स स्क्वायर (सेक्टर-129, नोएडा) का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डी.एल.एफ. आई.टी. पार्क में दो किशोर श्रमिक तथा मैक्स स्क्वायर में चार किशोर श्रमिक कार्यरत पाए गए। साथ ही कार्यरत श्रमिकों का भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीयन नहीं पाया गया। टीम को संविदा श्रम (विनियमन एवं उन्मूलन) अधिनियम, अंतर्राज्यीय प्रवासी कर्मकार अधिनियम और बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम सहित कई श्रम कानूनों का उल्लंघन भी मिला।

उक्त अनियमितताओं के संबंध में विभाग ने संबंधित सेवायोजकों को नोटिस जारी किए हैं और आवश्यक कार्यवाही की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

वहीं, मैसर्स निटारा इंडिया प्रा. लि. से संबंधित एक अन्य मामले में 11 श्रमिकों के अवशेष वेतन भुगतान को लेकर प्रबंधन से वार्ता कराई गई। विभागीय हस्तक्षेप के बाद श्रमिकों को कुल ₹59,471 की राशि उनके बैंक खातों के माध्यम से भुगतान कराई गई।।