सोमवार, 10 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर:22 दिसंबर की किसान महापंचायत से पहले भाकियू ने तेज की तैयारियाँ, किसानों की समस्याओं पर ठोस समाधान का भरोसा : अशोक भाटी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:22 दिसंबर की किसान महापंचायत से पहले भाकियू ने तेज की तैयारियाँ, किसानों की समस्याओं पर ठोस समाधान का भरोसा : अशोक भाटी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सैनी गांव में भारतीय किसान यूनियन की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें 22 दिसंबर को यमुना एक्सप्रेसवे जीरो पॉइंट पर होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियों की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता शीशपाल सिंह ने की, जबकि संचालन नवीन कसाना ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी और दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही, आबादी निस्तारण में देरी, पेंशन योजना की समस्याएँ और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर नाराजगी जताई। किसानों ने कहा कि कई मुद्दे वर्षों से लंबित हैं, जिन पर प्रशासनिक कार्रवाई की धीमी रफ्तार ग्रामीणों में असंतोष पैदा कर रही है।

अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में प्रस्तावित 22 दिसंबर की महापंचायत में नोएडा से आगरा तक के किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान पर निर्णायक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाकियू किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और संगठन हर मंच पर किसानों के हित में लड़ाई लड़ रहा है।

भाटी ने यह भी कहा कि 16 से 18 नवंबर तक सोरम (मुजफ्फरनगर) में होने वाली सर्वखाप पंचायत में भाकियू संगठन मजबूती के लिए व्यापक भागीदारी करेगा। उन्होंने कहा कि खाप और किसान आंदोलनों की एकजुटता ही किसान हितों की सबसे बड़ी ताकत है।

बैठक के दौरान कई ग्रामीणों ने बाबा टिकैत में आस्था जताते हुए भाकियू की सदस्यता ग्रहण की। ग्रामवासियों ने फूल मालाएँ, पटका पहनाकर और राधे कृष्ण तथा शिव दरबार की प्रतिमाएँ भेंट कर पदाधिकारियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में करतार सिंह, चंद्रपाल सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, सिंहराज गुर्जर, संजय फौजी, सचिन अवाना असगरपुर, विजेंद्र भड़ाना, कालूराम भाटी, जगत अवाना असगरपुर, राजकुमार प्रजापति, अजय गुर्जर, सुमित कसाना, विपुल जिंदड़ सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।।