शुक्रवार, 7 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: महर्षि नगर नोएडा में होगा भारत उत्कर्ष महायज्ञ — 140 करोड़ आहुतियाँ समर्पित कर विश्व शांति का बनेगा नया कीर्तिमान!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: महर्षि नगर नोएडा में होगा भारत उत्कर्ष महायज्ञ — 140 करोड़ आहुतियाँ समर्पित कर विश्व शांति का बनेगा नया कीर्तिमान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा।
महर्षि आश्रम, महर्षि नगर नोएडा में 16 नवम्बर से 25 नवम्बर तक चलने वाले 108 कुण्डीय 10 दिवसीय “भारत उत्कर्ष महायज्ञ” की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस अद्वितीय आयोजन में 140 करोड़ आहुतियाँ यज्ञनारायण भगवान को समर्पित की जाएँगी, जो विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए समर्पित होंगी।

महर्षि संस्थान के अध्यक्ष तथा महर्षि सूचना प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय एवं महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि यह आयोजन केवल एक वैदिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का जीवंत उत्सव है।

आयोजन में देशभर के कई राज्यों की सांस्कृतिक झाँकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। प्रतिदिन वॉटर, लेजर, लाइट एवं साउंड शो के माध्यम से श्रीराम कथा का अद्भुत मंचन किया जाएगा, जिससे पूरा परिसर राममय वातावरण में डूब जाएगा।

इस भव्य महायज्ञ का संरक्षण अनन्त विभूषित स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती महाराज, जगद्गुरु शंकराचार्य, ज्योतिर्मठ बद्रिकाश्रम द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर परमपूज्य जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री श्री 1008 स्वामी राघवाचार्य महाराज (श्रीराम लला सेवा सदन, अयोध्या) द्वारा श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन भी होगा। साथ ही जगद्गुरु रामानंदाचार्य प्रेमेश्वर पीठाधीश्वर स्वामी सतीशाचार्य महाराज का भी पावन सानिध्य प्राप्त होगा।

अन्नक्षेत्र में अखण्ड भण्डारा सभी आगंतुकों को सेवा और समरसता की भावना से जोड़ेगा। वहीं वैदिक यज्ञशाला में 108 कुण्डों से यज्ञ अनुष्ठान विश्व शांति, मानवता के कल्याण और चेतना के उत्थान के लिए समर्पित रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए ध्यान, वेदाध्ययन और सत्संग के सत्र भी आयोजित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान महर्षि संस्थान के उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज, रामेन्द्र सचान एवं शिवम यादव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।।