रविवार, 12 अक्टूबर 2025

मेरठ में भाजपा पार्षद और TI के बीच चालान को लेकर भिड़ंत, जमकर हुई नोकझोंक — SSP ने कार्रवाई कर हटाया TI को चार्ज से!!

शेयर करें:


मेरठ में भाजपा पार्षद और TI के बीच चालान को लेकर भिड़ंत, जमकर हुई नोकझोंक — SSP ने कार्रवाई कर हटाया TI को चार्ज से!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

मेरठ। यूपी के मेरठ में शनिवार को ट्रैफिक पुलिस और सत्ताधारी दल के प्रतिनिधियों के बीच जोरदार टकराव देखने को मिला। दरअसल, ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI) विनय कुमार शाही ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर एक भाजपा कार्यकर्ता का ₹8,000 का चालान काट दिया। इस पर नाराज़ भाजपा पार्षद अरुण मचल थाने पहुंचे और TI से कार्यकर्ता का चालान रद्द करने की सिफारिश करने लगे।

लेकिन TI विनय शाही ने नियमों से समझौता करने से इंकार कर दिया और सख्ती दिखाते हुए पार्षद का भी ₹9,000 का चालान काट दिया। इसके बाद थाने में माहौल गर्मा गया। पार्षद और TI के बीच जमकर नोकझोंक और बहस हुई, जो कुछ देर तक चलती रही। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया।

बताया जा रहा है कि TI विनय शाही लगातार शहर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस बार मामला राजनीतिक रूप ले बैठा। भाजपा पार्षद ने आरोप लगाया कि TI का रवैया अभद्र था और उन्होंने जानबूझकर चालान काटा।

वहीं दूसरी ओर, TI शाही ने कहा कि उन्होंने पूरी कार्रवाई नियमों के तहत की और किसी दबाव में नहीं झुके। इस बीच दोनों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसे लेकर शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता कमल दत्त ने मामले की शिकायत एसएसपी मेरठ से की। शिकायत के बाद SSP ने जांच के आदेश दिए और प्रारंभिक जांच के आधार पर TI विनय कुमार शाही को उनके वर्तमान चार्ज से हटा दिया गया।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि एसएसपी कार्यालय ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है और यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो वायरल करने में किसकी भूमिका थी। फिलहाल, घटना ने मेरठ पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तनाव का माहौल बना दिया है।

शहर में अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है—जहां एक ओर लोग TI की सख्ती की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे सत्ता के दबाव में की गई कार्रवाई बता रहे हैं।।