रविवार, 5 अक्टूबर 2025

नोएडा में संचारी रोग नियंत्रण और ‘घर-घर दस्तक’ अभियान का शुभारंभ!!

शेयर करें:

नोएडा में संचारी रोग नियंत्रण और ‘घर-घर दस्तक’ अभियान का शुभारंभ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!


जनसहयोग से ही संभव होगा रोगों पर नियंत्रण — जिला मलेरिया अधिकारी!

दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 05 अक्टूबर 2025।
जनपद में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज जिला चिकित्सालय सेक्टर-39, नोएडा में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और ‘घर-घर दस्तक’ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने वरिष्ठ चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में किया।

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 05 से 31 अक्टूबर तक और घर-घर दस्तक अभियान 11 से 31 अक्टूबर 2025 तक संचालित होगा। इन अभियानों का उद्देश्य डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, ठहरे पानी को हटाने, मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने और साफ पानी पीने की आदतें अपनाने के लिए जागरूक करेंगे।

इस मौके पर चिकित्सकों ने भी लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार का बुखार, त्वचा पर दाने या उल्टी-दस्त जैसी लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक सतर्कता और समय पर उपचार से गंभीर बीमारियों को रोका जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रचार-प्रसार और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जिले में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।।