गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर वेटलैंड को इको-टूरिज्म मॉडल बनाने की दिशा में कदम, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने किया निरीक्षण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: गौतम बुद्ध नगर, 24 अक्टूबर 2025।
जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मेधा रूपम ने शुक्रवार को सूरजपुर वेटलैंड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्दियों के मौसम में आने वाले प्रवासी पक्षियों का अवलोकन किया और वेटलैंड में जैव विविधता के संरक्षण तथा सौंदर्यकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेटलैंड क्षेत्र में स्वच्छता, संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सूरजपुर वेटलैंड को एक आदर्श पारिस्थितिकी पर्यटन स्थल (Eco-Tourism Model) के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिल सकें।
डीएम मेधा रूपम ने संबंधित विभागों को पर्यटक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और जनजागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग सूरजपुर वेटलैंड के महत्व और उसकी पारिस्थितिक भूमिका को समझ सकें।
निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीएम को प्रवासी पक्षियों के संरक्षण, सौंदर्यकरण तथा वेटलैंड प्रबंधन की वर्तमान प्रगति की जानकारी दी और आगे की कार्ययोजना प्रस्तुत की।।
