शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर: नोएडा नए आपराधिक कानूनों पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने चलाया व्यापक जनजागरूकता अभियान — ‘दंड से न्याय की ओर’!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा नए आपराधिक कानूनों पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने चलाया व्यापक जनजागरूकता अभियान — ‘दंड से न्याय की ओर’!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा, 31 अक्टूबर 2025।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) 2023 — के संबंध में ‘दंड से न्याय की ओर’ शीर्षक से एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में सभी थानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में ‘अवेयरनेस वॉरियर्स’ नामित किए गए हैं। ये ऐसे जागरूक नागरिक हैं, जिन्हें पहले कानूनों के बारे में प्रशिक्षित किया गया था और जो अब समाज में जाकर सरल भाषा में आमजन को नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों से अवगत करा रहे हैं।

आज दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को अभियान के तहत कमिश्नरेट के सभी थानों के पुलिस अधिकारी एवं ‘अवेयरनेस वॉरियर्स’ ने सेक्टर-44, फेस-3, कस्बा बादलपुर, कस्बा जारचा, गौतमबुद्ध नगर यूनिवर्सिटी, विभिन्न कंपनियों एवं स्कूलों आदि स्थानों पर जाकर लोगों को नए कानूनों के बारे में जानकारी दी।
साथ ही, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर LED स्क्रीन के माध्यम से वीडियो दिखाकर नागरिकों को बताया गया कि ये नए कानून न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में भारत सरकार का ऐतिहासिक कदम हैं।

‘अवेयरनेस वॉरियर्स’ ने बताया कि नए कानूनों की मूल भावना “दंड से न्याय की ओर” है, जिसका उद्देश्य नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करते हुए न्याय प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाना है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे भी इस जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाएं।

यह पहल न केवल कानून के प्रति जनजागरूकता बढ़ा रही है, बल्कि पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास एवं सहयोग को भी मजबूत कर रही है — जो न्याय और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम सिद्ध हो रही है।!!