शनिवार, 11 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर:आंगनवाड़ी केंद्र ऐछर में बाल विकास परियोजना अधिकारी ने किया निरीक्षण, पॉलिथीन के प्रयोग से दूर रहने का दिया संदेश।।

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर:आंगनवाड़ी केंद्र ऐछर में बाल विकास परियोजना अधिकारी ने किया निरीक्षण, पॉलिथीन के प्रयोग से दूर रहने का दिया संदेश।।

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: गौतम बुद्ध नगर, 11 अक्टूबर 2025

मिशन शक्ति 5.0 और पोषण माह अभियान के अंतर्गत शनिवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी दनकौर संध्या सोनी ने आंगनवाड़ी केंद्र ऐछर का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान केंद्र पर टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया था, जिसमें लाभार्थियों और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की सक्रिय भागीदारी रही।

इस अवसर पर संध्या सोनी ने उपस्थित महिलाओं और कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए “पॉलिथीन का प्रयोग न करें” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन का अत्यधिक उपयोग न केवल मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह पृथ्वी, जलवायु और वायुमंडल को भी गंभीर रूप से प्रदूषित करता है। पॉलिथीन में रखे खाद्य पदार्थों से कैंसर जैसी घातक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

कार्यक्रम में महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ये योजनाएँ गर्भवती महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए सरकार की महत्वपूर्ण पहल हैं, जिनसे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।

सत्र के दौरान एएनएम संघिमल ने टीकाकरण के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि टीके बच्चों को कई संक्रामक रोगों से बचाते हैं और उनके शरीर में बीमारियों से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं।

भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र पर स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता फैलाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम जागरूकता और जनहित के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।।