जेपी ग्रीन्स विश टाउन में संपूर्ण रामायण नृत्य-नाट्य का भव्य मंचन, कथक नृत्यांगना डॉ. अनु सिन्हा ने दी भारतीय संस्कृति को नई उड़ान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक :: नोएडा। फाउंडेशन फॉर कृष्ण कला एंड एजुकेशन सोसाइटी के तत्वावधान में जेपी ग्रीन्स विश टाउन, केपी-2 स्थित स्पोर्ट्स फील्ड में “संपूर्ण रामायण” नृत्य-नाट्य का भव्य आयोजन किया गया। ओएनजीसी और एयरटेल पेमेंट बैंक के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 60 से अधिक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से भगवान श्रीराम के जीवन के विविध प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
राम जन्म, सीता स्वयंवर, हनुमानजी का लंका दहन, रावण वध और रामराज्य की स्थापना जैसे मनमोहक दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंचन के दौरान कथक नृत्य की सुंदरता और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस संपूर्ण प्रस्तुति की परिकल्पना, निर्देशन और कोरियोग्राफी प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना डॉ. अनु सिन्हा द्वारा की गई, जो जयपुर घराने के विख्यात गुरु पं. राजेन्द्र गंगानी की शिष्या हैं। डॉ. सिन्हा के नेतृत्व में दिल्ली-एनसीआर के कलाकारों ने भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और धर्म की विजय का संदेश मंच पर साकार किया।
डॉ. अनु सिन्हा ने बताया कि इस नवरात्रि और विजयादशमी के दौरान दिल्ली, नोएडा और ऋषिकेश में “संपूर्ण रामायण” के 10 सफल मंचन किए गए हैं, जिनसे कला, भक्ति और संस्कृति की एक नई लहर प्रवाहित हुई है। उन्होंने कहा कि “भारतीय संस्कृति में नृत्य केवल कला नहीं, बल्कि साधना है। समय के साथ कलाकारों को भी नवाचार अपनाना होगा। दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर भी हमारी टीम भक्ति और संस्कृति को समर्पित नए नृत्य-नाट्य प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है।”
कार्यक्रम के अंत में दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति को खड़े होकर सराहा और आयोजन की भव्यता की प्रशंसा की। यह आयोजन नोएडा के सांस्कृतिक कैलेंडर में एक यादगार संध्या बन गया।।