गौतमबुद्धनगर: आईजीआरएस समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी!!
,दो टूक :: गौतम बुद्ध नगर, 17 अक्टूबर 2025 —
जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक में शिकायत निस्तारण की प्रगति और फीडबैक की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने असंतुष्ट फीडबैक और डिफाल्टर श्रेणी में आने वाले विभागों के अधिकारियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन विभागों में 100 प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक आया है, उनके अधिकारियों का स्पष्टीकरण जारी कर अग्रिम आदेशों तक वेतन रोका जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा शासन स्तर पर प्रतिदिन की जाती है, और इसी के आधार पर जनपद की रैंकिंग तय होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता की जाए और निर्धारित समय में सभी शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने दैनिक मॉनिटरिंग और सक्रिय निगरानी के लिए भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, भू-राजस्व, प्रशासन, उप जिलाधिकारी सदर और दादरी, सिटी मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।
