गौतमबुद्धनगर: छठ पूजा महोत्सव में दिखी आस्था और एकता की झलक, मुख्य अतिथि रहे अशोक भाटी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा, सलारपुर:
नोएडा के सलारपुर स्थित श्री काली मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित छठ पूजा महोत्सव 2025 में भक्ति, आस्था और एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में गौतमबुद्धनगर भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
छठी मैया की आराधना के पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। महोत्सव का संचालन काली मंदिर के महंत चंद्रशेखर गिरी और पंडित राजेश मिश्रा द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने विधि-विधान से छठी मैया का पूजन और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
अशोक भाटी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा —
“छठ पूजा आस्था, अनुशासन और एकता का प्रतीक पर्व है। इसे भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाने से परिवार और समाज दोनों में सुख-शांति का संचार होता है। सभी लोग एक साथ मिलकर इस पवित्र पर्व को मनाएं और समाज में प्रेम व सद्भाव का संदेश फैलाएं।”
उन्होंने उपस्थित जनसमूह को छठी मैया की शुभकामनाएँ देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में क्षेत्र की मातृशक्ति, युवा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में गीतों और भजनों के माध्यम से छठी मैया की आराधना करती नजर आईं। आयोजन में अजय गुर्जर, पार्थ गुर्जर, राजकमल समेत कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
भक्ति और उत्साह से सराबोर यह आयोजन क्षेत्र में सामूहिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की मिसाल बन गया।
