शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर: दादरी सीट पर इंद्रजीत सिंह टाइगर ने ठोकी दावेदारी, लखनऊ में संगठन मंत्री और डिप्टी सीएम से की मुलाकात!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी सीट पर इंद्रजीत सिंह टाइगर ने ठोकी दावेदारी, लखनऊ में संगठन मंत्री और डिप्टी सीएम से की मुलाकात!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: ग्रेटर नोएडा। भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य इंद्रजीत सिंह टाइगर ने लखनऊ में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर दादरी विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी पेश की। उन्होंने संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान उनके साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशोदिया, पूर्व जिला अध्यक्ष गजेन्द्र मावी और दादरी प्रमुख बिजेन्द्र भाटी भी मौजूद रहे। टाइगर लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं और पार्टी के विभिन्न पदों पर दायित्व निभा चुके हैं।

इंद्रजीत सिंह टाइगर ने बताया कि उन्होंने बैठक में दादरी विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। वे लगातार दादरी सीट से टिकट की मांग कर रहे हैं और क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ और जनसंपर्क के लिए जाने जाते हैं।

ग्रेटर नोएडा के प्रतिष्ठित किसान नेता चौधरी विद्याराम के पुत्र इंद्रजीत सिंह टाइगर सामाजिक और धार्मिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं। सर्वसमाज से जुड़ाव और क्षेत्र में लोकप्रियता के चलते उन्हें दादरी विधानसभा के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है।।