गौतमबुद्धनगर:: मिशन शक्ति 5.0 के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस ने चलाया महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 12 अक्टूबर 2025
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एवं प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं व छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, और महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबरों और मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया।
एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रशाली गंगवार ने रायन इंटरनेशनल स्कूल में छात्राओं से संवाद कर पुलिस कार्यप्रणाली, साइबर फ्रॉड, महिला उत्पीड़न संबंधी कानूनों की जानकारी दी और पौधारोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संदेश भी दिया।
साइबर सुरक्षा टीम ने कंपनियों और स्कूलों में जाकर उपस्थित कर्मचारियों व विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया उपयोग के खतरे और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में जानकारी दी। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत सहायता लेने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारियों ने गुड टच-बैड टच और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर भी जागरूकता बढ़ाई तथा बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से तुरंत मदद प्राप्त की जा सकती है।
मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत प्रतिदिन महिला बीट पुलिस अधिकारी गांव, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों और बस स्टैंडों पर जाकर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं और पंपलेट वितरण के माध्यम से हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है।।