गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति अभियान-5.0 : गौतमबुद्धनगर पुलिस कर रही महिलाओं को सशक्त, सुरक्षित और जागरूक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा, 25 अक्टूबर 2025।
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश और प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में महिला सुरक्षा टीम ने आज जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों व औद्योगिक प्रतिष्ठानों में जाकर महिलाओं व छात्राओं को जागरूक किया।
अभियान के तहत दृष्टि कोचिंग (फेस-1), मिंग्हाओ कंपनी (फेस-2) और अन्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां थाना कार्यप्रणाली, पुलिस हेल्पलाइन नंबर, साइबर सुरक्षा, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और कर्मचारियों को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल एरेस्ट जैसी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में 112, 1090, 1930, 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों का तुरंत उपयोग करें।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को पासवर्ड सुरक्षा, फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डेटा प्रोटेक्शन के उपायों से भी अवगत कराया। साथ ही, पुलिस अधिकारियों ने मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं के बारे में भी बताया।
मिशन शक्ति टीम द्वारा रोजाना जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गांव, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। पंपलेट वितरण और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सुरक्षा का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।।
