बुधवार, 22 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मिशन शक्ति 5.0 की मिसाल — बिसरख पुलिस ने गुमशुदा तीन बच्चियों को सकुशल परिवार से मिलाया!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मिशन शक्ति 5.0 की मिसाल — बिसरख पुलिस ने गुमशुदा तीन बच्चियों को सकुशल परिवार से मिलाया!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा। महिला एवं बालिका सुरक्षा को सशक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। थाना बिसरख पुलिस ने गश्त के दौरान रास्ता भटककर खोई तीन मासूम बच्चियों को सकुशल ढूंढ निकाला और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को गश्त के दौरान तीन बच्चियां—जिनकी उम्र क्रमशः 8 वर्ष, 7 वर्ष और 8 वर्ष थी—असहाय अवस्था में मिलीं। पूछताछ करने पर बच्चियों ने बताया कि वे सुबह घर से टहलने निकली थीं, लेकिन वापसी में रास्ता भूल गईं।

थाना बिसरख पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बच्चियों के परिजनों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित परिजनों के हवाले किया।

बच्चियों के परिवारों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिसरख पुलिस ने जिस संवेदनशीलता और तत्परता से काम किया, वह वास्तव में काबिले तारीफ है।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर, श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

यह कार्यवाही बिसरख पुलिस की संवेदनशीलता, सतर्कता और मानवीय दृष्टिकोण का प्रतीक है, जो मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है।।