नोएडा में 285 किलो सरसों का तेल सीज, 145 किलो रसगुल्ला नष्ट — 7 खाद्य नमूने जांच को भेजे गए!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक :: गौतम बुद्ध नगर | 11 अक्टूबर 2025
दीपावली पर्व के मद्देनज़र जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर की गई जांच में बड़ी मात्रा में मिलावटी एवं अस्वच्छ खाद्य पदार्थ बरामद किए गए। अधिकारियों ने मौके पर ही 145 किलोग्राम रसगुल्ला नष्ट कराया और 285 किलोग्राम सरसों का तेल सीज कर लिया।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की कई टीमों ने एक साथ कार्रवाई की।
👉 टीम-1 (सैय्यद इबादुल्लाह, विशाल गुप्ता, अमर बहादुर सरोज) ने देवला, ग्रेटर नोएडा स्थित रसगुल्ला निर्माणशाला पर छापा मारा। यहां गंदे वातावरण में रसगुल्ले बनाए और रखे जा रहे थे। निरीक्षण के दौरान मक्खी-मच्छर पाए गए और सफेद पाउडर भी मिला, जिसे निर्माता ने अरारोट बताया। टीम ने रसगुल्ले, छेना और सफेद पाउडर के नमूने लेकर बाकी 145 किलो रसगुल्ला नष्ट कराया व 80 किलो पाउडर सीज किया।
👉 टीम-2 (एस. के. पांडेय, ओ. पी. सिंह) ने बरौला, सेक्टर-49 स्थित मां काली जनरल स्टोर से 285 किलो सरसों तेल सीज किया। तेल के प्रथम दृष्टया मिलावटी होने व खरीद बिल न दिखाने पर कार्रवाई की गई। इसी टीम ने अग्रवाल इंटरप्राइजेज, बरौला से सरसों तेल का नमूना तथा बालाजी स्वीट्स, मोरना से बेसन लड्डू का नमूना भी लिया।
👉 टीम-3 (मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल, रविंद्र नाथ वर्मा) ने गेझा, सेक्टर-93 स्थित मोहित किराना स्टोर से मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल का नमूना संग्रहित किया।
कुल 07 नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि जनपद वासियों को शुद्ध एवं मानक अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।।
