रविवार, 12 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर::दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 145 किलो अस्वच्छ रसगुल्ले नष्ट, 80 किलो संदिग्ध पाउडर सीज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर::दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 145 किलो अस्वच्छ रसगुल्ले नष्ट, 80 किलो संदिग्ध पाउडर सीज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: ग्रेटर नोएडा। त्योहारों के मौसम में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें एक्शन मोड में हैं। दीपावली से पहले जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा के देवला क्षेत्र में एक रसगुल्ला निर्माणशाला पर छापेमारी की।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी सय्यद इबादुल्लाह, विशाल गुप्ता और अमर बहादुर सरोज की टीम ने जब निर्माणशाला की जांच की तो वहां बेहद अस्वच्छ स्थिति पाई गई। सप्लाई के लिए तैयार रखे गए रसगुल्ले गंदगी से भरे हुए थे, जिनमें मक्खियां और मच्छर पड़े मिले। टीम ने मौके पर ही करीब 145 किलोग्राम दूषित रसगुल्ले नष्ट कराए।

इसके अलावा, मौके से 80 किलोग्राम संदिग्ध सफेद पाउडर (जिसे अरारोट पाउडर बताया गया) को सीज किया गया। टीम ने रसगुल्ला, छेना और सफेद पाउडर के तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दीपावली से पहले पूरे जनपद में खाद्य पदार्थों की जांच और मिलावट पर रोक के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारों के दौरान जनपदवासी शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयों का सेवन कर सकें।।