शनिवार, 27 सितंबर 2025

मऊ :विश्व गर्भ निरोधक दिवस पर मऊ में चला जागरूकता अभियान।।||Mau:An awareness campaign was launched in Mau on World Contraception Day.||

शेयर करें:
मऊ :
विश्व गर्भ निरोधक दिवस पर मऊ में चला जागरूकता अभियान।।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बांटे गए नि:शुल्क साधन।
दो टूक :  हर साल 26 सितंबर को मनाए जाने वाले विश्व गर्भ निरोधक दिवस के अवसर पर मऊ जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों को गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी देने के साथ-साथ उनके नि:शुल्क वितरण की भी व्यवस्था की गई।
विस्तार
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को सुरक्षित और प्रभावी गर्भनिरोधक उपायों की जानकारी देना है ताकि वे अपने स्वास्थ्य की रक्षा कर सकें और एक बेहतर पारिवारिक जीवन जी सकें।

परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी डॉ. बी.के. यादव ने बताया कि गर्भनिरोधक के नियमित और सही उपयोग से न सिर्फ महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि यह परिवार की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर परामर्श शिविर, कार्यशालाएं और जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के अस्थायी और स्थायी उपायों के बारे में बताया गया।

कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर संतोष सिंह ने जानकारी दी कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ महिलाओं और पुरुषों को नि:शुल्क गर्भनिरोधक साधन उपलब्ध कराए गए। इस कार्य में पीएसआई इंडिया की टीम ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
पीएसआई इंडिया के केवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में नगर निगम की कूड़ा गाड़ियों के माध्यम से अनूठे ढंग से प्रचार किया गया। सभी वार्डों में इन गाड़ियों के जरिए परिवार नियोजन के लाभों और साधनों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई गई।
स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं के इस समन्वित प्रयास का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता और उपयोगिता के प्रति जागरूक हों और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध जीवन की दिशा में कदम बढ़ा सकें।