⚖️ राजनैतिक दलों को 'कारण बताओ' नोटिस!!
दो टूक :: गौतम बुद्ध नगर, 26 सितंबर 2025 – भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी गौतम बुद्ध नगर ने उन राजनीतिक दलों को कारण बताने के लिए नोटिस जारी किया है, जिन्होंने विगत छह वर्षों में चुनाव में भाग लेने के बावजूद निर्वाचन व्यय विवरणी प्रस्तुत नहीं की।
उत्तर प्रदेश के 121 पंजीकृत अमान्यता प्राप्त दलों ने वित्तीय वर्षों 2021-22, 2022-23 एवं 2023-24 के वार्षिक लेखा परीक्षित खाते समय पर जमा नहीं किए। इसके साथ ही, वर्ष 2019 से अब तक सम्पन्न विभिन्न चुनावों में उनकी निर्वाचन व्यय विवरणी विधान सभा चुनावों के लिए 75 दिन और लोकसभा चुनावों के लिए 90 दिन की निर्धारित अवधि में दाखिल नहीं हुई।
गौतम बुद्ध नगर के अंतर्गत भारतीय भाईचारा पार्टी, लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी, राष्ट्रीय भारतीय जन जन पार्टी तथा राष्ट्रीय जनता पार्टी इस सूची में शामिल हैं।
निर्देशानुसार, सम्बंधित दलों के अध्यक्ष/महासचिव को 03 अक्टूबर 2025 तक अपना प्रत्यावेदन शपथपत्र सहित आवश्यक दस्तावेज मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ में जमा कराना होगा। सुनवाई हेतु निर्धारित तिथियों पर उन्हें उपस्थित होना अनिवार्य है।
यदि निर्धारित अवधि में अभ्यावेदन प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधित दल को पंजीकृत दलों की सूची से हटाने का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा।।