गुरुवार, 4 सितंबर 2025

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश!!

शेयर करें:


बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश!!

देव गुर्जर!!

नोएडा, 04 सितंबर 2025।
दो टूक:: नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जल) एवं महाप्रबंधक (स्वास्थ्य) ने आज सेक्टर-150 स्थित बाढ़ राहत शिविर एवं आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविरों में रह रहे प्रभावित नागरिकों की स्थिति का जायजा लिया और उनके लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया।


महाप्रबंधकों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शिविरों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त भोजन, स्वास्थ्य सेवाएँ, दवाइयाँ और अन्य आवश्यक सामग्री बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखते हुए किसी भी तरह की बीमारी फैलने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव सहायता उनके द्वार तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को राहत सामग्री, पानी या चिकित्सा सुविधा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।


नोएडा प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत और पुनर्वास कार्य लगातार जारी रहेंगे और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे, ताकि संकट की घड़ी में कोई भी परिवार उपेक्षित न रहे।।