गोण्डा।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गौरिया गाँव में घरेलू विवाद में हैवान बने पति ने पत्नी की हंसिये से काटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर घटना की जाँच-पड़ताल में जुट गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक थानाक्षेत्र के गौरिया गांव में शुक्रवार को घरेलू विवाद खून-खराबे में बदल गया। यहां के निवासी छोटेलाल ने अपनी पत्नी छोटका देवी (45) की हंसिये से काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
बताया जाता है कि, आरोपी पति जमीन बेचना चाहता था लेकिन पत्नी छोटका देवी उसका विरोध कर रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से कहासुनी चल रही थी। आज विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर छोटेलाल हैवान बन गया और अपनी पत्नी पर हंसिये से ताबड़तोड़ हमलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा की आरोपी पति धान के खेत में पत्नी की हत्या कर मौके से फरार हो गया। घटना के समय बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन तबतक छोटका देवी की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
👉🏻 वहीँ इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में मातम छाया हुआ है। बताया जाता है की 5 बच्चों की मां छोटका ने 25 वर्षीय बड़ी बेटी रेशमा की शादी कर दी थी। वही 19 वर्षीय पुत्र अमन गुजरात में कमाने गया है, रोजी रोजगार के लिए 18 वर्षीय पुत्र सुनील भी बाहर रहता है। जबकि 17 वर्षीय बेटी मन्नन, 10 वर्षीय बेटी कन्नन और सबसे छोटी बेटी करिश्मा माता-पिता के साथ रहती थी। घटना के बाद बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही वजीरगंज पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई, वही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी राधेश्याम राय ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है।
