शुक्रवार, 4 जुलाई 2025

हरियाणा के अनंगपुर की आग पहुँची नोएडा: हरौला में भाकियू की महापंचायत, किसान-मजदूरों की अस्मिता बचाने का लिया संकल्प: अशोक भाटी

शेयर करें:
हरियाणा के अनंगपुर की आग पहुँची नोएडा: हरौला में भाकियू की महापंचायत, किसान-मजदूरों की अस्मिता बचाने का लिया संकल्प: अशोक भाटी
दो टूक : नोएडा हरौला 3 जुलाई 2025फरीदाबाद के अनगपुर गांव में घर गिराने की घटना की लपटें अब नोएडा तक पहुँच गई हैं। भारतीय किसान यूनियन  ने नोएडा के हरौला गांव में एक महत्वपूर्ण पंचायत का आयोजन कर इस मुद्दे को लेकर जोरदार विरोध जताया। पंचायत का नेतृत्व भाकियू गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया, अध्यक्षता चौधरी गिरिराज सिंह ने की और संचालन विपिन ने किया।

पंचायत में एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, सिंहराज गुर्जर, सचिन अवाना, जगत अवाना ,संजय फौजी, अनिल अवाना, विपिन तंवर समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। पंचायत में भारी संख्या में ग्रामीणों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।

हरौला के ग्रामवासियों ने पंचायत में बिजली, पानी, सीवर सफाई और पार्क-बारातघर जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को उठाया। जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने इन समस्याओं को नोएडा प्राधिकरण के समक्ष उठाकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

अशोक भाटी ने अनगपुर फरीदाबाद प्रकरण पर भावुक होते हुए कहा, "यह सिर्फ एक घर गिराने की बात नहीं है, यह हमारी पहचान, अस्मिता और विश्वास को मिटाने की साजिश है। जो मलबा दिख रहा है, वह हमारी इतिहासिक धरोहर का ध्वंस है। हमारे पूर्वज जिन्होंने मुगलों और अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया, आज उनके वंशजों के घर गिराए जा रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर आज हम चुप रहे, तो आने वाली पीढ़ी हमसे पूछेगी जब हमारे घर गिराए जा रहे थे, तब तुम कहां थे?" उन्होंने बताया कि 1960 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू भी अनगपुर गांव पहुंचे थे, जो इस गांव के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाता है।

महापंचायत के अंत में सभी ने मिलकर किसान, मजदूर, घर और जमीन की लड़ाई को एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया। भाकियू ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई अब पूरे एनसीआर की है और जल्द ही शीर्ष नेतृत्व से मिलकर अनगपुर के समर्थन में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।