उन्नाव :
बाल दिवस पर पुलिस लाइन में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।
●खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम।
दो टूक : उन्नाव पुलिस लाइन में बीते शनिवार 14 नवम्बर को बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव में वामा सारथी वेलफेयर के तत्वावधान में खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर/लाइन प्रदीप कुमार ने की। इस दौरान 100 मीटर और 400 मीटर दौड़, कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं बच्चों ने गायन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों को अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और अभिभावकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के समापन पर सहायक पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को प्रशस्ति-पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा, अनुशासन, खेल और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़कर ही वे जीवन में सफलता हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन महिला मुख्य आरक्षी दिव्या अवस्थी ने किया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय, वामा सारथी टीम से उपनिरीक्षक शमीम खान, वेलफेयर प्रभारी उपनिरीक्षक विमलेश शुक्ल, आरक्षी अजय कुमार, महिला आरक्षी संयोगिता शुक्ला, महिला आरक्षी कोमल शर्मा एवं प्रभारी परिवार समिति आशीष श्रीवास्तव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
