सुल्तानपुर :
गोकशी के मामले में फरार तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल,हुआ गिरफ्तार।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के बंधुआकला थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के मामले में वांछित चल रहा एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चापड़ और रस्सी बरामद हुई है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, अमेठी जिले के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के तकिया जमुवारी निवासी समीर पुत्र फैयाज उर्फ कल्लू गोवध निवारण अधिनियम के एक मामले में वांछित था। बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि बंधुआकला थाना क्षेत्र के अलीगंज चौकी अंतर्गत पड़वापुर गांव के पास नहर पटरी पर पुलिस से उसका सामना हो गया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।
आरोपी के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक चापड़ और रस्सी बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सुलतानपुर और अमेठी जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)