लखनऊ :
आयकर अफसर बन लूटा था पांच किलो सोना,छह साल बाद STF ने दबोचा।।
●अहमदाबाद सोना लूट का आरोपी आगरा से गिरफ्तार।।
दो टूक : गुजरात के अहमदाबाद में पांच किलोग्राम सोना लूट काण्ड मामले में छह साल से फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आगरा के किरावली निवासी सुन्दर सिंह सोलंकी के रूप में हुई है। गुजरात पुलिस की सूचना पर एसटीएफ और गुजरात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई मे फरार शातिर को आगरा के सदर बाजार क्षेत्र स्थित सेवला जाट से गिरफ्तार किया।
विस्तार :
एसटीएफ के मुताबिक वर्ष 2021 में गुजरात के अहमदाबाद जिले के बगोदरा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में पांच किलोग्राम सोने की डकैती को अंजाम दिया था। गिरोह ने वारदात से पहले रेकी की और किराये की कार की नंबर प्लेट बदलकर उस पर नीली बत्ती लगा दी। इसके बाद फर्जी आयकर विभाग के पहचान पत्र बनवाए।
वारदात के दिन गिरोह के दो सदस्य पहले से ही सोना लेकर जा रही बस में सवार हो गए। वहीं, अन्य बदमाश नीली बत्ती लगी कार से पहुंचे और खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर बस रुकवा दी। इसके बाद पार्सल और सोना ले जा रहे दो लोगों को बस से उतारकर सुनसान स्थान पर ले गए। पीड़ितों के हाथ-पैर बांधकर आरोपी सोना लेकर फरार हो गए।
पूछताछ में सुन्दर सिंह ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाने और उसे अंजाम देने की बात स्वीकार की। इस मामले में गुजरात पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। आरोपी के खिलाफ फिरोजाबाद के पचोखरा थाने में भी धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज है।
एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी को आगरा के सदर बाजार थाने में दाखिल कर गुजरात पुलिस के विवेचक को सुपुर्द कर दिया। चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए न्यायालय भेजा गया। मामले में आगे की कार्रवाई गुजरात पुलिस कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)