लखनऊ :
PGI क्षेत्र में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार,लाखों के जेवर बरामद।।
दो टूक : लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र मे चोरी करने वाले दो शातिर चोरो को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर इनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 1850 रुपये नकद, एक एलईडी टीवी और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक बरामद किया।
विस्तार :
थाना पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले युवकों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया है। जिनके पास चोरी का माल बरामद हुआ है।इनकी पहचान राहुल गुप्ता निवासी जराहरा, इंदिरानगर और रवि उर्फ सन्नू उर्फ जावेद निवासी बंगला बाजार, आशियाना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार स्थानीय थाना पीजीआई क्षेत्र में 6 सितंबर 2026 को तिलक सिंह यादव के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 461/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आस - पास के इलाकों में लगे करीब 90 से 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की।
पूछताछ में खुला चोरी का तरीका
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात में सुनसान इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और अन्य सामान चोरी कर लेते थे। चोरी का माल छिपाकर धीरे-धीरे राह चलते लोगों को औने-पौने दामों में बेच देते थे। आरोपियों ने विजयनगर, कल्ली पश्चिम और रायबरेली रोड समेत आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातें करने की बात स्वीकार की है।
बिजनौर की चोरी का भी खुलासा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बरामदगी के आधार पर पीजीआई के मुकदमे के अलावा थाना बिजनौर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 307/2026 धारा 305(ए) बीएनएस का भी अनावरण हुआ है।
बरामद सामान में चार जोड़ी पायल, 12 बिछिया, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का लॉकेट, दो चांदी के सिक्के, दो चांदी की जंजीर, एक सोने की जंजीर, एलईडी टीवी और 1850 रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक तथा दो सब्बल, दो बड़े पेचकस, आरी का ब्लेड, प्लास, इलेक्ट्रिक तराजू और तीन डिस्पोजल ग्लव्स बरामद हुए हैं।
राहुल पर दर्ज हैं 22 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक राहुल गुप्ता का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी और कानपुर नगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 22 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रवि उर्फ सन्नू उर्फ जावेद के खिलाफ आशियाना थाने में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक पीजीआई सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना पीजीआई पुलिस और सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी की संयुक्त टीम ने की। आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
◆शातिर युवकों की वीडियो --
