गुरुवार, 12 नवंबर 2026

मऊ : जुआ पर छापेमारी मामले में दो दरोगा नपे,लगे गम्भीर आरोप।Mau:Two police officers were held accountable for their involvement in a gambling raid and were charged with serious offenses.||

शेयर करें:
मऊ :  
जुआ पर छापेमारी मामले में दो दरोगा नपे,लगे गम्भीर आरोप।
●घर मे जबरन घुसने और जुआ का 12 लाख छीनने का आरोप।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र में जुआ खेलने के आरोप में की गई गिरफ्तारी और चालान की कार्रवाई में गंभीर अनियमितता बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) सर्वेश कुमार मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। पीड़ितों की शिकायत के बाद एसपी ने कस्बा चौकी प्रभारी शुभम त्रिपाठी और कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक दिनेश कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) घोसी सत्येन्द्र भूषण तिवारी को सौंपी गई है।
विस्तार : क्या है पूरा मामला?
कोतवाली घोसी क्षेत्र मझवारा मोड़ निवासी संजय सिंह ने मंगलवार को अपने साथियों के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर एक शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में बताया गया कि 7 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह दिवाली के उपलक्ष्य में अपने घर पर सगे-संबंधियों और परिचितों के साथ बैठकर मनोरंजन के लिए ताश खेल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान घोसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र नाथ राय 15 से 20 पुलिसकर्मियों के साथ घर में घुस आए।
◆गंभीर आरोप:
12 लाख रुपये छीनने और डीवीआर ले जाने का दावा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस टीम ने घर के सदस्यों और मेहमानों के मोबाइल फोन छीन लिए और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद कारोबारियों और स्कूल प्रबंधक समेत 11 लोगों के पास से करीब 12 लाख रुपये नकद ले लिए, लेकिन थाने लाकर जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते समय केवल 76,900 रुपये की ही बरामदगी दिखाई।
इसके अलावा, जमानत के नाम पर प्रति व्यक्ति 10 हजार रुपये (कुल 1 लाख 10 हजार रुपये) वसूलने और बाद में शेष रकम मांगने पर भगा देने का भी आरोप लगाया गया है। सबूत मिटाने के उद्देश्य से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी पुलिस द्वारा निकाल ले जाने की बात शिकायत में कही गई है।
●कप्तान के कार्रवाई से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने प्राथमिक कार्रवाई करते हुए दोनों उपनिरीक्षकों को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया है। एसपी की इस कार्रवाई के बाद से स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि सीओ की जांच रिपोर्ट आने के बाद इस प्रकरण में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों पर भी जल्द ही गाज गिर सकती है