गुरुवार, 12 नवंबर 2026

लखनऊ :रास्ते से कार हटाने को लेकर खूनी संघर्ष,युवतियों पर लाठी-डंडों से हमला।||Lucknow:Bloody clash over removing a car from the road; young women attacked with sticks.||

शेयर करें:
लखनऊ :
रास्ते से कार हटाने को लेकर खूनी संघर्ष,युवतियों पर लाठी-डंडों से हमला।
पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर शुरु की कार्यवाही।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के फतेहगंज गांव में रास्ते से कार हटाने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। आरोप है कि कार हटाने के लिए हॉर्न बजाने से नाराज युवकों ने कार सवार धर्मपाल सिंह और उनकी दो भतीजियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों युवतियां घायल हो गईं।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 4:20 बजे थाना पारा क्षेत्र फतेहगंज गांव में धर्मपाल सिंह अपनी कार से दो भतीजियों के साथ शॉपिंग के लिए जा रहे थे। घर के पास रास्ते में एक कार खड़ी थी। रास्ता खाली कराने के लिए धर्मपाल ने हॉर्न बजाया, लेकिन कार चालक ने वाहन नहीं हटाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरी कार सवार टिल्लू, शिवा और अक्कू मिश्रा ने धर्मपाल सिंह और उनकी भतीजियों के साथ मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट में दोनों युवतियां चोटिल हो गईं। सूचना पर पहुंची पारा पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काकोरी भिजवाया। पुलिस के मुताबिक चिकित्सकों ने दोनों की चोटें साधारण बताई हैं और उनकी हालत स्थिर है। घटना के बाद पुलिस ने विवाद में प्रयुक्त कार को कब्जे में लेकर तीनों कथित आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।