बुधवार, 11 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, बिसरख क्षेत्र के बाजारों में एसीपी पवन कुमार ने किया पैदल गश्त; सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, बिसरख क्षेत्र के बाजारों में एसीपी पवन कुमार ने किया पैदल गश्त; सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जा रही है।

इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह एवं एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा पवन कुमार ने थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख बाजारों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पैदल गश्त के दौरान एसीपी पवन कुमार ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी एवं गश्त लगातार जारी रहेगी, जिससे आमजन बिना किसी भय के सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।।