गौतमबुद्धनगर: नोएडा में हीरा स्वीट्स की मिठाई पर बड़ा सवाल! डिब्बा खोलते ही फैली दुर्गंध, बर्फी पर मिली फफूंद; खाद्य विभाग कब करेगा कार्रवाई?
दो टूक//नोएडा। शहर में मिठाई की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन के नीचे स्थित हीरा स्वीट्स की दुकान से खरीदी गई मिठाई के डिब्बे में कथित तौर पर बेहद खराब और फफूंद लगी बर्फी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्राहक का आरोप है कि जब उसने घर पहुंचकर मिठाई का डिब्बा खोला तो उसमें से तेज दुर्गंध आने लगी। डिब्बे में रखी बर्फी पर फफूंद लगी हुई दिखाई दी। इस घटना के बाद मिठाई की गुणवत्ता और दुकान पर खाद्य पदार्थों के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित के मुताबिक, उसने सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन के नीचे स्थित हीरा स्वीट्स की दुकान से मिठाई खरीदी थी। ग्राहक ने मिठाई खरीदने का बिल भी अपने पास सुरक्षित रखा है, जिसे दिखाकर उसने खरीदारी की पुष्टि की है। ग्राहक का कहना है कि मिठाई का डिब्बा खोलते ही उसमें से असहनीय बदबू आने लगी। जब मिठाई को ध्यान से देखा गया तो बर्फी पर फफूंद लगी हुई थी। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ग्राहकों को किस गुणवत्ता की मिठाई बेची जा रही है और खाद्य पदार्थों के रखरखाव व ताजगी का कितना ध्यान रखा जा रहा है?
आखिर कहां है खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी?
यह मामला थाना सेक्टर-142 क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। मिठाई जैसी खाद्य सामग्री सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी होती है। ऐसे में दुकानों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण और एक्सपायरी अवधि की नियमित जांच बेहद जरूरी है।
सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग की ओर से मिठाई की दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है? यदि निरीक्षण होता है तो फिर ग्राहकों तक इस तरह की कथित खराब मिठाई कैसे पहुंच रही है? क्या विभाग किसी बड़ी शिकायत या घटना का इंतजार कर रहा है?
हीरा स्वीट्स पर कब होगी जांच और कार्रवाई?
पीड़ित द्वारा मिठाई खरीदने का बिल दिखाए जाने और बर्फी में फफूंद मिलने के आरोपों के बाद अब खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग उठ रही है। विभाग को चाहिए कि संबंधित दुकान से मिठाई का नमूना लेकर उसकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। साथ ही दुकान में रखी अन्य मिठाइयों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाए।
यदि जांच में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ के आरोपों पर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा? क्या हीरा स्वीट्स की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच के लिए पहुंचेगी या फिर यह मामला भी शिकायतों और सवालों तक ही सीमित रह जाएगा?
फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग की जांच और हीरा स्वीट्स प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।।
◆उपभोक्ता का बयान की वीडियो--
