बुधवार, 11 नवंबर 2026

लखनऊ :ससुरालीजनों से तंग युवक ने गोमती में लगाई छलांग,मौत||Lucknow:Fed up with his in-laws, a young man jumped into the Gomti river and died.||

शेयर करें:
लखनऊ :
ससुरालीजनों से तंग युवक ने गोमती में लगाई छलांग,मौत ।
आत्महत्या से पहले वीडियो में पत्नी, सास समेत पांच लोगों को ठहराया जिम्मेदार।।
दो टूक :  राजधानी में पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान एक युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष पर लगातार टॉर्चर करने का आरोप लगाते हुए 27 वर्षीय मोहम्मद जीशान ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर अपने परिवार को भेजा, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी, सास और ससुराल के अन्य लोगों को जिम्मेदार ठहराया। सोमवार देर रात से लापता जीशान का शव बुधवार सुबह गोमती नदी में रिवर फ्रंट के पास बरामद हुआ।
विस्तार : 
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर की रात करीब तीन बजे गश्त के दौरान समतामूलक चौराहे से 1090 चौराहे की ओर जाने वाले गोमती पुल पर एक बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। बाइक के ऊपर एक मोबाइल फोन चालू हालत में रखा था। आसपास पूछताछ के बावजूद वाहन स्वामी का पता नहीं चला। ई-चालान ऐप के जरिए बाइक मालिक की पहचान मोहम्मद जीशान पुत्र मोहम्मद शकील निवासी सआदतगंज के रूप में हुई। बाइक में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, लेकिन नंबर बंद मिला।
इसके बाद थाना सआदतगंज के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई। 10 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे परिजन गोमतीनगर थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि जीशान ने रात करीब एक बजे अपने बहनोई सैफू को वीडियो भेजा था। वीडियो में वह आत्महत्या करने की बात कहते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगा रहा था।
जीशान ने वीडियो में कहा कि वह अपनी पत्नी महवर, सास सीमा और उनके परिवार के लोगों से बेहद परेशान है। उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जा रही है। उसने अपनी मौत के लिए महवर, सीमा, समा, मोहसिन समेत अन्य लोगों को जिम्मेदार बताया।
परिजनों से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से गोमती नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। दो दिनों तक तलाश के बाद बुधवार 11 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे गोमतीनगर क्षेत्र में रिवर फ्रंट के पास नदी से जीशान का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।