शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

मऊ :युवाओं के हाथों में कट्टे नहीं, कंप्यूटर और किताबें देना सरकार का संकल्प : ए.के. शर्मा।।||Mau:The government's resolve is to provide computers and books, not guns, to the youth: A.K. Sharma.||

शेयर करें:
मऊ :
युवाओं के हाथों में कट्टे नहीं, कंप्यूटर और किताबें देना सरकार का संकल्प :  ए.के. शर्मा।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को मऊ के कम्युनिटी हॉल में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षा प्रेरकों के बकाया मानदेय भुगतान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा प्रेरकों के वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए फैसले को ऐतिहासिक कदम बताया। जनपद मऊ के लगभग 900 शिक्षा प्रेरकों के बकाया मानदेय के भुगतान के लिए 5 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक की धनराशि आवंटित की गई है, जबकि प्रदेशभर के शिक्षा प्रेरकों के लंबित मानदेय भुगतान के लिए कुल 397.18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि शिक्षा प्रेरकों ने गांव-गांव जाकर निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने और समाज में शिक्षा की अलख जगाने का सराहनीय कार्य किया है। समाज के प्रति उनका योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रेरकों की समस्याओं और उनके पक्ष को शासन तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा प्रेरकों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान का निर्णय लिया है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब युवाओं के हाथों में कट्टे और कारतूस की जगह कंप्यूटर और किताबें दी जा रही हैं। हमारी सरकार युवाओं को शिक्षित, तकनीकी रूप से दक्ष और हुनरमंद बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। मिशन कायाकल्प के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों का आधारभूत ढांचा मजबूत किया जा रहा है। वहीं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के विकास के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये तथा 100 विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध कराने की योजना भी स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वह अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को साकार करने के लिए डबल इंजन की सरकार शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।