गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस, पुलिस चौकी के पास युवती से लूटा iPhone 17; दिन निकलते ही तीन बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम!!
दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश की शो विंडो कहे जाने वाले नोएडा में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शहर में लूट और चोरी की घटनाएं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। ताजा मामला थाना सेक्टर-24 क्षेत्र का है, जहां दिन निकलते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवती को निशाना बनाते हुए उसका महंगा मोबाइल फोन iPhone 17 लूट लिया और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता एक आईटी कंपनी में कार्यरत है। घटना थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के सेक्टर-12/22 पुलिस चौकी के समीप की बताई जा रही है। आरोप है कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवती को निशाना बनाकर उसका iPhone 17 लूट लिया। हैरानी की बात यह है कि बदमाशों ने पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
दिन निकलते ही हुई इस लूट की वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में लगातार सामने आ रही लूट और चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। सवाल यह है कि आखिर पुलिस चौकी के इतने करीब बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम कैसे दे रहे हैं?
घटना के संबंध में पीड़िता की लिखित शिकायत पर थाना सेक्टर-24 पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का पक्ष: पुलिस के अनुसार, वादी की तहरीर के आधार पर थाना सेक्टर-24 में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साक्ष्य संकलन के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इन बेखौफ बदमाशों तक कब पहुंचती है और दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है।।
