रविवार, 1 नवंबर 2026

मऊ :घोसी पुलिस ने छापेमारी कर अवैध पटाखे का जखीरा किया बरामद एक गिरफ्तार।।||Mau:Ghosi police conducted a raid and recovered a cache of illegal firecrackers, and one person was arrested.||

शेयर करें:
मऊ :
घोसी पुलिस ने छापेमारी कर अवैध पटाखे का जखीरा किया बरामद एक गिरफ्तार।।
दो टूक :  मऊ जनपद के कोतवाली घोसी दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घोसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने रविवार को कस्बा बड़ागांव में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित 11 प्रकार के कुल 102 डिब्बे पटाखे बरामद किए। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार 1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा बड़ागांव में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर घोसी पुलिस टीम ने शाम करीब छह बजे मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान अब्बास पुत्र स्वर्गीय सरवर बख्श, निवासी बड़ागांव, थाना घोसी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 11 प्रकार के कुल 102 डिब्बों में रखे अवैध पटाखे बरामद हुए।
इस संबंध में थाना घोसी में विस्फोटक अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।