लखनऊ :
रात की गश्त में खाकी की खुली पोल, कमिश्नर का चला हंटर पांच पुलिसकर्मी नपे।।
◆दो चौकी प्रभारी हटाए गए,तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में रात्रि गश्त और ड्यूटी में लापरवाही बरतना पांच पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के सख्त तेवर के बाद पूर्वी, दक्षिणी और मध्य जोन में हुई औचक चेकिंग में ड्यूटी से नदारद और लापरवाह मिले पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गाज गिरी है। इनमें दो चौकी प्रभारी भी शामिल हैं। दो को थाने से संबद्ध कर दिया गया, जबकि तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
विस्तार :
लखनऊ पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने कानून-व्यवस्था मजबूत रखने, महिला सुरक्षा और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बावजूद पुलिस उपायुक्त पूर्वी, दक्षिणी और मध्य जोन की आकस्मिक चेकिंग में कुछ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और गैरहाजिरी सामने आई।
◆डियुटी से गायब खाकी पर गाज, दो चौकी प्रभारी समेत पांच पर हुई कार्रवाई।
◆पूर्वी जोन में रात्रि गश्त के प्रति शिथिलता मिलने पर चौकी प्रभारी अरावली, थाना गाजीपुर की महिला उपनिरीक्षक अर्चना और चौकी प्रभारी कमता, थाना चिनहट के उपनिरीक्षक शशिकांत को उनके मौजूदा दायित्वों से हटाकर थाने से संबद्ध कर दिया गया।
◆दक्षिणी जोन के सरोजनीनगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक आशीष कुमार और आरक्षी सतेंद्र यादव रात्रि गश्त ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। दोनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
◆वहीं मध्य जोन में चौकी प्रभारी निशातगंज, थाना महानगर के उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार भी रात्रि गश्त ड्यूटी से नदारद मिले। उन्हें भी लाइन हाजिर कर दिया गया।
◆कमिश्नर की कार्रवाई से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप ।
पुलिस आयुक्त ने साफ संदेश दिया है कि रात्रि गश्त और ड्यूटी में लापरवाही या गैरहाजिरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। अब रात्रि गश्त की नियमित निगरानी और समीक्षा की जाएगी।
