लखनऊ :
दिनदहाड़े घर में घुसा संदिग्ध युवक, परिजनों ने दबोचकर पुलिस को सौंपा।।
●तेलीबाग के गांधी नगर में वारदात की कोशिश से मचा हड़कंप,दहशत में लोगों।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग स्थित गांधी नगर में रविवार को दिनदहाड़े एक संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से घर में घुस गया। इसी दौरान घर पहुंचे परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने युवक को घेरकर पकड़ लिया और पूछताछ के बाद तेलीबाग पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। गनीमत रही कि घर से कोई सामान गायब नहीं मिला। परिजनों ने फिलहाल कोई लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया। दिनदहाड़े घर में अजनबी युवक के घुसने की घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
विस्तार :
जानकारी के मुताबिक, जनपद गोंडा के मोतीगंज निवासी शिवकुमार तिवारी अपने परिवार के साथ तेलीबाग के गांधी नगर में किराये पर रहते हैं। वह सब्जी की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविवार दोपहर उनकी पत्नी कुछ सामान लेने दुकान पर गई थीं। इसी दौरान मौका पाकर एक युवक घर में घुस गया।
बताया गया कि इसी बीच पत्नी वापस घर पहुंच गईं और युवक को अंदर देखकर शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे तेलीबाग पुलिस चौकी ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम विनय सैनी बताया। हालांकि, वह कभी खुद को साउथ सिटी तो कभी मटियारी का निवासी बताता रहा। इससे उसकी पहचान और बताए गए पते को लेकर भी सवाल खड़े हो गए।
परिजनों के मुताबिक, घर की जांच करने पर कोई सामान गायब नहीं मिला, जिसके चलते उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर देने से इनकार कर दिया।
फिलहाल, दिनदहाड़े रिहायशी मकान में संदिग्ध युवक के घुसने की घटना से गांधी नगर कॉलोनी के लोग सहमे हुए हैं। लोगों में घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
